काशीपुर। सड़क हादसे में बाइक सवार पशु चिकित्सालय के वेटरिनरी सहायक (दैनिक वेतनभोगी) की मौत हो गई। उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
बाजपुर रोड स्थित हेमपुर इस्माइल निवासी मोहित काशीपुर के पशु चिकित्सालय में वेटरिनरी सहायक था। उसकी नियुक्ति शूकर फार्म की देखभाल के लिए दैनिक वेतनभोगी के रूप में हुई थी। उसके पिता मुन्नालाल पशु चिकित्सालय से ही सेवानिवृत्त हुए हैं। बुधवार शाम मोहित अपने भाई सोहित के साथ बाइक से पुश्तैनी गांव लालपुर बाराही (मुरादाबाद) जा रहा था।
फसियापुरा में बाली पेट्रोल पंप के सामने उसकी बाइक को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल भिजवाया। घायल सोहित को सरकारी अस्पताल से रेफर किया गया है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।