काशीपुर के मानपुर रोड पर सीसीटीवी में कैद हुआ तेंदुआ। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। नगर के मानपुर रोड पर 15 दिन में सात तेंदुए देखे जाने से शहर में भी दहशत का माहौल है। वन विभाग ने यहां पिंजड़ा तो लगा दिया है लेकिन उसमें तेंदुआ नहीं फंस रहा है।
15 दिन में सिर्फ मानपुर रोड पर सात बार सात तेंदुए देखे गए हैं। कुछ महीने पहले रिहाइशी बस्ती के पास झाड़ियों में एक साथ दो तेंदुए देखे गए। ये तेंदुए यहां लगातार देखे जाते रहे। कई बार तेंदुए का परिवार अपने चार बच्चों के साथ भी देखा गया। कहा जा रहा है कि शायद बच्चों की वजह से ही तेंदुआ इस स्थान को छोड़कर नहीं गया। अब कई महीने बाद बच्चे भी बड़े हो चुके हैं। इसके चलते यहां सात से ज्यादा तेंदुए हो गए हैं। दूसरी ओर तेंदुआ के परिवार की चहल-कदमी से आसपास के लोग चिंता में हैं।
आए दिन रात के समय तेंदुआ कुत्ता व अन्य जानवरों को अपना शिकार बना रहा है। बृहस्पतिवार रात बिलकुल रिहाइशी इलाके के पास एक मेडिकल स्टोर के पीछे तेंदुआ देखा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सात तेंदुए सक्रिय हैं। ये तेंदुए कई महीने से लगातार लोगों को दिख रहे हैं। इस बात को लेकर नगर भर में चर्चा हो गई है कि नगर के पास सात तेंदुए घूम रहे हैं। इसको लेकर लोग चिंता में हैं। लोग लगातार वन विभाग से तेंदुओं को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। संवाद