बाजपुर। उपखनिज भरे डंपर के चालक पर एसडीएम के वाहन पर डंपर चढ़ाने की कोशिश का आरोप लगा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसडीएम आरसी तिवारी और खनन उपनिदेशक दिनेश कुमार ने शनिवार को राजस्व और जंगलात टीम के साथ अवैध खनन रोकने की कवायद की। इसके तहत जंगल किनारे के सात रास्तों को जेसीबी से गहरे गड्ढे खोद कर बंद कर दिया गया। इससे कोसी, दाबका क्षेत्र के हांडा, मानिकी, सत्ता, त्रिलोक, बाबा सहित छह खनन घाटों के रास्ते बंद हो गए। वहां से लौटते समय टीम ने छोई मोड़ पर अवैध उपखनिज से भरे एक डंपर को रोका तो आरोप है कि चालक ने एसडीएम की सरकारी गाड़ी पर डंपर चढ़ाने की कोशिश की। पीछा कर डंपर को गांव कनौरा में जब्त कर लिया गया। एसडीएम ने आरोपी चालक को हिदायत देकर छोड़ दिया। बताया कि चालक के लाइसेंस को निरस्तीकरण के लिए और वाहन के कागजातों की जांच करने के लिए एआरटीओ को पत्र भेजा जाएगा। एसडीएम के साथ राजस्व निरीक्षक सुनीति पाल, राजस्व उपनिरीक्षक दीपक चौहान समेत वन विभाग की टीम भी मौजूद थी।
माफिया के इशारे पर होती है वाहन चढ़ाने की कोशिश
बाजपुर। कोसी, दाबका में खनन माफिया के हौसले बुलंद होते जा रहे है। माफिया के इशारे पर चालक खनन से भरे वाहनों को पकड़े जाने के भय से अधिकारियों के वाहनों पर चढ़ाने की कोशिश करते है। जिसमें कई घटनाओं में अधिकारी बाल बाल बच चुके हैं।
बीते नौ फरवरी 23 को कोसी खनन क्षेत्र में रामनगर के वन निगम के लौगिंग अधिकारी पर चालक ने डंपर चढ़ाने की कोशिश की थी। माफिया धक्का मुक्की कर खनन वाहन छुड़ाकर ले गए थे। 15 मार्च 22 में खटीमा क्षेत्र में एसडीएम की गाड़ी पर चालक ने खनन से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली चढ़ाने की कोशिश की थी। इसमें एसडीएम सहित अन्य स्टाफ बाल बाल बच गए। अवैध खनन वाहनों पर रोक लगाने के लिए रुद्रपुर हाईवे स्थित मसीत में बैरियर लगाया गया था। 10 दिसंबर 22 को चालक खनन भरे डंपर से बैरियर तोड़कर भाग गया था। जिसमें बेरियर पर तैनात पीआरडी जवानों ने भाग कर जान बचाई थी। राजस्व उपनिरीक्षक दीपक चौहान की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। लोगों का कहना है कि कोसी नदी में वैध और अवैध खनन का कारोबार करने वाले माफिया की सत्ता में मजबूत पकड़ रहती है। इससे माफिया के हौसले बुलंद है। शासन स्तर पर अवैध खनन रोकने के लिए एक ठोस नीति बनाने की जरूरत है। इससे प्रदेश सरकार को राजस्व का लाभ भी होगा। एसडीएम आरसी तिवारी ने बताया कि अवैध खनन रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा। खनन घाटों के इर्दगिर्द जेसीबी से खाई खोद रास्तों को बंद किया गया है।