काशीपुर। मोहल्ला थानासाबिक में कोरोना संदिग्ध युवक की मौत से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतक के घर पहुंचकर परिवार के आठ सदस्यों के सैंपल लिए। साथ ही पूरे परिवार को होम कवारंटीन कर दिया गया।
मोहल्ला थानासाबिक निवासी युवक को ब्रेन ट्यूमर की शिकायत थी। दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पीटल में 29 मार्च को उसका आपरेशन हुआ। इस दौरान हुई जांच में सर गंगाराम हास्पीटल के कई डाक्टर्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इस पर उक्त हास्पीटल से कई मरीजो को छुट्टी दे दी गई और अन्य को दूसरे अस्पतालो में शिफ्ट कर दिया गया।
काशीपुर निवासी उक्त युवक भी 5 अप्रैल को वापस लौट आया। दो दिन पूर्व हालत बिगडऩे पर उसे मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने कोरोना संदिग्ध मानते हुए उसे भर्ती करने से इंकार कर दिया। परिजन मरीज को लेकर एंबुलेंस से मुरादाबाद जा रहे थे, लेकिन लॉकडाउन के चलते सूर्या चौकी पर तैनात पुलिस ने एंबुलेंस को बोर्डर पार नही करने दिया। इस पर परिजन उसे लेकर हल्द्वानी चले गए। हल्द्वानी में भी डाक्टरों ने उसे भर्ती नहीं किया। बुधवार शाम काशीपुर लौटते समय उसकी मौत हो गई। परिजनो ने रात में ही उसे सुपुर्दे खाक कर दिया।
कोरोना संदिग्ध की मौत होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। बृहस्पतिवार को नोडल अधिकारी डा. अमरजीत सिंह के नेतृत्व में मृतक के घर पहुंची टीम ने पूरे परिवार को होम क्वारंटीन कर दिया। टीम ने आठ परिजनो के सैंपल भी लिए है। ये सैंपल जांच के लिए भेजे गए है। इस संबंध में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सतर्क दृष्टि रखे हुए हैं।
-कोट-
एक कोरोना संदिग्ध की मृत्यु के बारे में जानकारी मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। जांच रिपोर्ट मिलने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
-गौरव सिंघल, संयुक्त मजिस्ट्रेट काशीपुर।