खटीमा। क्षेत्र में कोरोना वायरस संक्रमण के हॉट स्पॉट से आने वाले प्रवासी व नौकरीपेशा लोगों के कोरोना संक्रमित निकलने के मामले सामने आना जारी हैं।
ताजा मामला हरियाणा के गुरुग्राम से आए चार सदस्यीय परिवार में मां व 13 वर्षीय पुत्र को कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि पिता तथा पुत्री की रिपोर्ट निगेटिव आई है। नोडल अधिकारी ने बताया परिवार के चारों सदस्यों के राजकीय जनजाति छात्रावास में क्वारंटीन होने से कुछ राहत रही। परिवार की ट्रैवल हिस्ट्री की जांच की जा रही है।
बता दें कि वर्तमान में कोरोना के हॉट स्पॉट से आने वालों की स्वास्थ्य जांच के प्रति अलर्ट मोड पर होने से अधिकांश मामलों में संक्रमित घर नहीं पहुंच पा रहे हैं। नागरिक अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ.वीपी सिंह ने बताया कि 12 जून को भेजी 24 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आई है, जिसमें झनकट क्षेत्र के एक गांव के गुरुग्राम से आए मां व जुड़वां बेटा संक्रमित निकले हैं। रिपोर्ट आने के बाद उनके कांट्रेक्ट, ट्रेवल हिस्ट्री की जांच में जुटी टीम के लीडर डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि चार सदस्यीय परिवार 11 जून की रात गुरुग्राम से खटीमा पहुंचा था तब परिवार को राजकीय जनजाति छात्रावास में उन्होंने जांच के बाद क्वारंटीन किया। इनमें परिवार के मुखिया व उसकी पत्नी, 13 वर्षीय जुड़वा पुत्र-पुत्री का सैंपल जांच के लिए भेजा था। इसमें मां-बेटा की रिपोर्ट संक्रमित होने पर रुद्रपुर भेजा जा रहा है जबकि पिता व पुत्री को क्वारंटीन किया गया है। इधर, बाहर से आने वाले लोगों की जांच में स्वास्थ्य टीमें हाई अलर्ट पर आ गई हैं।