रुद्रपुर। बाजपुर निवासी कोरोना संक्रमित निकला व्यक्ति मुंबई से बाजपुर तक बाइक से पहुंचा था। उसने रास्ते में कुछ ढाबों पर भोजन भी किया था। रास्ते में रुद्रपुर निवासी एक युवक ने उसकी बाइक में लिफ्ट मांगी थी, लेकिन उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कोरोना संक्रमित बाजपुर निवासी व्यक्ति पांच मई को मुंबई से बाजपुर के लिए निकला था। इस दौरान उसने ग्वालियर और नासिक में ढाबों पर भोजन भी किया था। रास्ते में मिले रुद्रपुर निवासी एक युवक को उसने बाइक में लिफ्ट दी थी। रामपुर बॉर्डर पर पकड़े जाने के बाद उन्हें रुद्रपुर में संस्थागत क्वारंटीन किया गया था। बाद में रुद्रपुर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भी भर्ती किया गया। 17 मई को दोनों को सैंपल जांच के लिए हल्द्वानी लैब भेजा गया। मंगलवार को बाजपुर निवासी व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली, जबकि रास्ते में लिफ्ट लेकर रुद्रपुर पहुंचे युवक की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट ने कहा कि कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति को हल्द्वानी शिफ्ट कर दिया गया है। संक्रमित व्यक्ति किन-किन लोगों के संपर्क में आया इसका पता लगाया जा रहा है।