डॉक्टर और अस्पताल स्टॉफ ही पहन रहे मास्क, मरीज और तीमारदारों का अभी मास्क से परहेज
संवाद न्यूज एजेंसी
काशीपुर। दिल्ली और यूपी के बाद अब राज्य में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। कोरोना संक्रमण को लेकर एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय का पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टर सावधानी बरतते देखे गए। रोगी के साथ ही तीमारदार अस्पताल परिसर में बिना मास्क के मिले। अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था भी नदारद दिखी। लोगों को समझना होगा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए उन्हें सतर्कता बरतते हुए अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनना होगा। खासकर अस्पताल में अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।
दोपहर : 12.45 बजे
अस्पताल परिसर में कोरोना संक्रमण को लेकर अलग से तैयार 15 बैड के आइसोलेशन वार्ड में ऑक्सीजन पाइप लाइन सुचारू रूप से कार्य कर रही है। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक है।
दोपहर : 1:00 बजे
ओपीडी कक्ष में देखा जहां डॉक्टर मास्क लगाकर रोगियों का परीक्षण करते देखे गए, लेकिन रोगी व तीमारदार बिना मास्क के बैठे अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। वहीं इमरजेंसी वार्ड की गैलरी में बड़ी संख्या में आमजन इधर-उधर बैठे हुए थे, लेकिन कोई भी मास्क नहीं लगाए हुए था।
दोपहर : 1:30 बजे
स्पताल परिसर में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट में तैनात ऑपरेटर का 31 मार्च को कांट्रेक्ट खत्म हो गया है। अब अस्पताल प्रशासन ने एक प्राइवेट युवक को रखा है जो कि प्लांट की देखरेख और उसे संचालित करता है। ऑक्सीजन प्लांट के नोडल अधिकारी डॉ.राजीव पुनैठा ने बताया ऑक्सीजन प्लांट चल रहा है।
-
130 जंबो सिलिंडर उपलब्ध
इमरजेंसी के लिए अस्पताल के पास 130 जंबों ऑक्सीजन सिलिंडर, 60 छोटे ऑक्सीजन सिलिंडर रिजर्व में रखे हैं। इसके अलावा 60 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की भी व्यवस्था है।
लोगों को कर रहे जागरूक
अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. खेमपाल ने बताया अस्पताल आने वाले रोगियों और तीमारदारों को जागरूक किया जा रहा है कि वह मास्क पहनकर आए। अभी जागरूकता की कमी के कारण लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। संदेह होने पर गर्भवती महिलाओं का डिलीवरी से पहले एंटीजन टेस्ट कराया जाता है। इसके अलावा अस्पताल में प्रतिदिन 5-6 आरटीपीसीआर और 30-35 एंटीजन टेस्ट कराए जा रहे हैं।