काशीपुर। ग्राम गुलडिया निवासी दो भाई मुंबई महाराष्ट्र में सैलून में हेयर कटिंग का काम करते है। 13 मई को दोनों भाई नदी के रास्ते गांव पहुंचे थे। दोनों भाइयों ने काफी समय अपने परिवार के साथ गुजारा। उन्होंने निर्माणाधीन मकान के काम में भी हाथ बंटाया था। उनके गांव लौटने की भनक लगने पर गांव में खलबली मच गई थी जिस पर युवकों का मामा दोनों को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को आइसोलेट कर नमूने जांच के लिए भेज दिए थे। 16 मई को एक युवक के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। 17 मई को डीएम ने गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया था। ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एनडी नगर को गांव में लोगों की स्क्रीनिंग करने का जिम्मा सौंपा गया है। मंगलवार को केंद्र प्रभारी डॉ प्रमेंद्र तिवारी ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की दो टीमें गठित कर स्क्रीनिंग के लिए गांव भेज दी। पहले दिन टीम ने घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग करने का कार्य शुरू कर दिया। गांव में करीब 350 परिवारों की 4000 की आबादी बताई गई है। रोज सुबह 8 बजे से दोपहर 2बजे तक टीमें स्क्रीनिंग का कार्य करेंगी।