रुद्रपुर के गांधी पार्क में धरने पर बैठे कांग्रेसी।
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कर्नाटक में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व अन्य राज्यों में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में सांकेतिक धरना दिया। इसमें लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पांच कार्यकर्ता ही हाथों में तख्ती लेकर धरने पर बैठे।
पूर्व स्वास्थ्यमंत्री तिलक राज बेहड़ ने कहा कि सरकार विपक्ष पर झूठे मुकदमे दर्ज कर लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास कर रही है। इस वैश्विक महामारी कोरोना में सबसे पहले विपक्ष ने सरकार के सभी सही कदमों का पूर्ण रूप से समर्थन किया था, लेकिन सरकार ने बिना तैयारी के लॉकडाउन जैसे कुछ गलत फैसले लिए गए तो विपक्ष ने विरोध किया था। जिसकी खुन्नस में तानाशाही सरकार ने पूरे देश में कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे लगा दिए हैं। महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने कहा कि सोनिया गांधी ने पीएम केयर फंड का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की तो कर्नाटक सरकार ने उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया जोकि अति निंदनीय है। उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह जी प्रयागराज में प्रवासी मजदूरों के मामले में श्रम विभाग गए थे तो यूपी सरकार ने उनके खिलाफ भी झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। इसी तरह पूरे देश में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। वहां प्रदेश महामंत्री हिमांशु गाबा, नगर महामंत्री राजीव कामरा नेता प्रतिपक्ष नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मोनू निषाद, पार्षद मोहन खेड़ा, सोनू चौहान, रोहित अरोरा मौजूद रहे।