सितारगंज। सोशल साइट हैक करने के मामले थम नहीं रहे। भाजपा नेता की आईडी हैक होने के बाद अब कांग्रेसी नेता हसनैन मलिक की निष्क्रिय फेसबुक आईडी को हैक कर लिया गया है। उनकी आईडी से मैसेज कर पैसे मांगे गए हैं। उन्होंने कोतवाल को तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कलियर दरगाह विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष हसनैन मलिक ने मंगलवार कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक सलाहउद्दीन को तहरीर सौंपी। तहरीर में कहा कि उनकी फेसबुक आईडी पिछले दो साल से निष्क्रिय है, जिसका पासवर्ड वह भूल गए। किसी ने उनकी आईडी को हैक कर लिया और उनकी फेसबुक से जुड़े मैसूर में रहने वाले रईस रज़ा को मार्मिक फोटो के साथ मैसेज कर उनसे पैसों की डिमांड रखी। इसके अलावा कई अन्य मित्रों से भी हैकर पैसों की डिमांड कर चुका है। उन्होंने पुलिस से आईडी डिएक्टिवेट कराने और हैकर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। कोतवाल सलाहउद्दीन ने बताया कि मामले को साइबर सेल में जांच के लिए भेजा जाएगा।