गदरपुर। विधायक प्रतिनिधि रामपुर उत्तर प्रदेश लिखी बाइक का चालान काटने की बात करने पर सभासद की थाने में तैनात एसआई से बहस हो गई। मामला इस कदर तूल पकड़ गया कि सभासद की सूचना पर थाने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना अध्यक्ष से मिलकर एसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सभासद का आरोप था कि एसआई ने उसे थप्पड़ मारने की कोशिश की जबकि एसआई का कहना था कि सभासद ने उनके साथ अभद्रता की।
शाम करीब पांच बजे चीता मोबाइल में तैनात सिपाही संजीव कुमार भोला कॉलोनी में गश्त पर थे। इस बीच सिपाही संजीव कुमार ने विधायक बरेली रामपुर उत्तर प्रदेश अपाचे बाइक पर सवार आदर्श कालोनी निवासी प्रियांश सक्सेना को रोका और कागजात दिखाने को कहा जिस पर वह कोई कागजात नहीं दिखा पाया। सिपाही संजीव कुमार बाइक को थाने ले आए। थाने में मौजूद एसआई चंद्र सिंह ने ई-मशीन पर बाइक के कागजात की जांच करनी चाही। वहां पहुंचे वार्ड नंबर पांच के सभासद परमजीत सिंह पम्मा ने एसआई चंद्र सिंह से चालान न करने की बात कही, जिस पर दोनों में बहस हो गई। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया। परमजीत सिंह पम्मा ने मामले की सूचना भाजपा कार्यकर्ताओं को दी। सूचना पर भाजपा नेता राजेश गुम्बर मिन्नी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश सुराना, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष मुनि भुसरी, अभिषेक वर्मा, राकेश भुड्डी, नरेश हुडिया, पंकज सेतिया, मनोज गुम्बर सहित तमाम कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और थाना अध्यक्ष राजेश पांडेय से मिलकर एसआई चंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उनका कहना था कि कस्बा इंचार्ज के रूप में चंद्र सिंह पूर्व में भी क्षेत्रीय जनता और कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता कर चुके हैं। उन्होंने एसआई चंद्र सिंह को हटाने और कार्यवाही न होने पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी। मामले की जानकारी होने पर सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी भी थाने पहुंच गए। इस बीच भाजपा जिला अध्यक्ष गुंजन सुखीजा ने एसएसपी मंजूनाथ टीसी को फोन पर मामले की जानकारी दी। मंजूनाथ टीसी ने सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी को तीन दिन में जांच करने का निर्देश देते हुए एसआई चंद्र सिंह को सीओ ऑफिस बाजपुर अटैच कर दिया है। वहीं, पुलिस ने विधायक प्रतिनिधि लिखी बाइक का एमवी एक्ट में चालान कर छोड़ दिया।