काशीपुर। वार्ड नंबर 13 मोहल्ला कविनगर के वरिष्ठ नागरिकों ने आवासीय घरों में अवैध रूप से चलाए जा रहे व्यवसायिक डीजल चलित जनरेटर को तत्काल प्रभाव बंद कराने की मांग की है। बाबू सिंह चौहान, मिथिलेश, अलोक शर्मा, देवेश पाठक व अन्य लोगों ने प्रदूषण विभाग के रीजनल कार्यालय में एक शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि आवासीय आबादी में मकान के अंदर गैर कानूनी रूप से व्यावसायिक जनरेटर को 24 घंटे चलाया जा रहा है। इसका उपयोग एक निजी सेंटर चलाने के लिए किया जा रहा है। समीप में रह रहे बुजुर्गों, बच्चों और आमजन को सांस लेने में परेशानी हो रही है। आवासीय घरों में प्रदूषण के कारण मास्क लगाकर रहना पड़ रहा है। उन्होंने उक्त जनरेटर को जनहित में बंद कराने या शिफ्ट कराने की मांग की है।