तराई में पारा गिरने से हाड़ कंपकंपाने वाली ठंड पड़ रही है। कोहरे से यातायात भी प्रभावित हो रहा है। रविवार को पारा इस सीजन में अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। दफ्तरों में छुट्टी होने के बावजूद बाजार में चहल-पहल अन्य दिनों के मुकाबले कम रही। ठंड बढ़ने से लोग जगह-जगह आग के पास बैठे नजर आए। दोपहर बाद हल्की धूप खिली मगर तपिश नहीं थी। रोडवेज बसों में भी यात्रियों की संख्या कम रही। मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को भी घना कोहरा छाया रहेगा और भारी मात्रा में ओस गिरेगी। बताया कि फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है।
एक हफ्ते में कितना लुड़का पारा
तिथि अधिकतम न्यूनतम
01 जनवरी 22 7
02 जनवरी 20.2 7
03 जनवरी 16 5.5
04 जनवरी 13 9
05 जनवरी 13 4.5
06 जनवरी 7.4 3.9
07 जनवरी 11.3 3.3