सीएचसी में डाक्टरों और संसाधनों की कमी को पूरा करने की मांग को लेकर तीसरे दिन भूख हड़ताल पर बैठे क्षेत्रीय जनसंघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश भुड्डी के स्वास्थ्य में भारी गिरावट आने से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई। आनन-फानन में सीएमओ डॉ. एचके जोशी हड़ताल स्थल पहुंचे और एक सप्ताह के अंदर डाक्टरों की तैनाती का भरोसा दिलाया। जिसके बाद भुड्डी को जूस पिलाकर अनशन समाप्त करा दिया गया। बतातें चले कि पिछले तीन दिन से क्षेत्रीय जनसंघर्ष समिति के बैनर तले भुड्डी ने सीएचसी में अव्यवस्थाओं के खिलाफ भूख हड़ताल शुरू की थी। आंदोलन को भाजपा, एबीवीपी, सामाजिक संगठनों का समर्थन भी मिला था। सीएमओ ने भरोसा दिलाया कि सप्ताह में तीन-तीन दिन दिनेशपुर एवं गूलरभोज के डाक्टर सीएचसी में मरीजों को देखेंगे। इसके अलावा 26 जनवरी को स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला डाक्टर की भी नियुक्ति की जाएगी। वहां पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना, सीएचसी प्रभारी डॉ. सुरेश अरोरा, तहसीलदार खेमसिंह बिष्ट, पालिकाध्यक्ष अंजू भुड्डी, हरिचंद बेहड़ आदि थे।