खटीमा में जनता की समस्याएं सुनते सीएम धामी।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड पर स्थानीय जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को लोगों की प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा। उन्हें सख्त लहजे में निर्देशित किया कि जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार सरकारी दफ्तराें के चक्कर न काटने पड़ें।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान मुख्यमंत्री से मिलने के लिए चौड़ापानी, सुखापुल, दमगड़ा, बीसबीघा, नगला तराई, मल्ली नगला तराई, टेलीफाल, खेलड़िया, नारायण नगर आदि गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। सीएम ने लोगों की समस्याओं को सुनकर जल्द निदान का भरोसा दिलाया। इस मौके जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, रंजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, रंदीप पोखरिया, डॉ. नवीन भट्ट, नंदन सिंह खड़ायत, अमित पांडेय, भवानी भंडारी आदि मौजूद रहे।