नानकमता में सीएम धामी ने स्वयं की सफाई
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत नानकमता में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इससे पूर्व सुबह ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं श्रमदान किया और परिसर की साफ-सफाई की। उन्होंने उ कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ अपने आस-पास के परिवेश को स्वच्छ रखना हम सबका सामूहिक दायित्व है। इस दौरान गुरुद्वारा श्री नानकमता साहिब कमेटी ने मुख्यमंत्री को सरोपा व स्मृति चिह्न भेंट किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जीवन का हर पल और क्षण भारत माता और देशवासियों के उत्थान के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान पूरे देश में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक प्रमुख धार्मिक व पर्यटन राज्य है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, सरकारी दफ्तरों, अस्पतालों और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहां जिपं अध्यक्ष अजय मौर्या,नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, प्रेम सिंह राणा, कमल जिंदल, सतीश भट्ट,कमेटी के अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, सचिव सरदार हरभजन सिंह, गुरवंत सिंह, सुखवंत सिंह पन्नू, कुलदीप सिंह पन्नू, प्रताप सिंह,प्रकाश सिंह, देवेंद्र सिंह, मैनेजर रंजीत सिंह ढिल्लों,सुखवंत सिंह भुल्लर आदि थे।