जसपुर। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना मंगलवार को उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री महेंद्र सिंह राही के कार्यालय पहुंचे। यहां एकत्र कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। प्रदेश महामंत्री महेंद्र राही ने कर्मचारियों से जुड़ी नौ समस्याओं का एक ज्ञापन आयोग के उपाध्यक्ष को देकर कहा कि पर्यावरण मित्रों को समय से वर्दी एवं सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने सफाई यंत्र दिए जाने, आउटसोर्स पर्यावरण मित्रों के पीएफ की कटौती को जमा कराने, हाईकोर्ट के आदेश अनुसार नियमितीकरण किए जाने आदि की मांग की। इस पर आयोग के उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री धामी से वार्ता कर उनकी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। वहां आलोक कुमार, मुकेश कुमार, रविंद्र, कमल कुमार, कुलदीप, सागर आदि थे।