रुद्रपुर। डीएम युगल किशोर पंत ने आपदा आईआरएस से जुड़े अधिकारियों के साथ डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी, कर्मचारी सतर्क रहें और मुख्यालय पर ही रहकर अपने मोबाइल फोन 24 घंटे खुले रखें। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जरूरत के मुताबिक बैगुल जलाशय के तल से मलबा हटाने के निर्देश दिए। बाढ़ के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों, गांवों के साथ ही राहत शिविरों के लिए जगह चिह्नित करने, शिविरों में जरूरी सुविधाएं जुटाने के लिए संबंधित विभागों को कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला पंचायती राज अधिकारी को जनप्रतिनिधियों से संवाद के लिए पंचायत प्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने, विभागीय उपकरण सुधारने, प्राथमिक चिकित्सा किट तैयार रखने, पर्याप्त मात्रा में दवाइयां रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक डैम में दो-दो नाव की उपलब्धता का प्रस्ताव शासन में भेजने के साथ ही ट्रांजिट कैम्प में अनुपयोगी रेगुलेटर हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पानी की उचित निकासी के लिए बाजपुर में श्मशान घाट के पास नाले का मिलान कराने के निर्देश ईई को दिए।
जिले में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर, अन्य आवश्यक उपकरण रखने के निर्देश भी दिए। वहां सीडीओ विशाल मिश्रा, प्रशिक्षु आईएएस अनामिका, एसपी चंद्रशेखर घोड़के, एडीएम जयभारत सिंह, एसडीएम राकेश तिवारी, सीमा विश्वकर्मा, मनीष बिष्ट आदि मौजूद रहे।