रुद्रपुर किच्छा बाईपास रोड में बारिश से टूटा फुटपाथ।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। जिले में लगातार तीसरे दिन हुई बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण रविवार को शहर में दोपहिया वाहनों की आवाजाही कम रही। रुद्रपुर में किच्छा बाईपास के पास नहर किनारे फुटपाथ टूट गया। टांडा जंगल में जगह-जगह पेड़ गिरने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक रुद्रपुर में 30 मिमी, जसपुर व काशीपुर में 19.5 मिमी, बाजपुर में 21 मिमी, किच्छा में 31.5 मिमी और खटीमा में 28.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश से कई जगह सड़कों पर जलभराव हो गया है। शहर से गुजरने वाली कल्याणी नदी का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के चलते आपदा कंट्रोल रूम से बाढ़ चौकियों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र रम्पुरा, भदईपुरा, जगतपुरा, भूतबंगला आदि में फिलहाल हालात सामान्य बने हुए हैं। बारिश के चलते सड़कें प्रभावित न हों इसके लिए लोनिवि को भी अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।
बारिश से जलमग्न हुआ बस स्टैंड, देरी से आईं बसें
रुद्रपुर। लगातार हो रही बारिश से शहर का रोडवेज बस स्टैंड पूरी तरह से जलमग्न हो गया। बारिश के कारण दिल्ली, हरिद्वार, टनकपुर और मुरादाबाद से आने वाली बसें काफी देरी से आईं। दिल्ली से आने वाली बस करीब एक घंटे से अधिक की देरी से आई। कई शहरों में जुलूस निकलने की वजह से भी बसों के समय में प्रभाव पड़ा। रुद्रपुर रोडवेज बस स्टैंड इंचार्ज ब्रह्मानंद का कहना है कि बारिश से बसों के समय में बहुत अधिक प्रभाव नहीं पड़ा है। लगभग सभी बसें अपने समय से पहुंची हैं। संवाद