काशीपुर/बाजपुर। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि देशभर के किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए राष्ट्रीय आंदोलन की जरूरत है। इसके लिए देशभर के किसान नेताओं से विचार-विमर्श किया जाएगा। भाजपा सरकार तानाशाह और झूठी है जो केवल आंदोलन की भाषा समझती है।
शुक्रवार को जसपुर पहुंचे राकेश टिकैत ढकिया मार्ग पर स्थित छीना फार्म पर रुके। पत्रकार वार्ता में टिकैत ने कहा कि देशभर के किसानों के सामने काबिज भूमि पर मालिकाना हक पाने, अनाज पैदा करने वाले किसानों के सामने लागत मूल्य प्राप्त करने की समस्याएं हैं। हल्द्वानी में हजारों अल्पसंख्यक गरीबों को बेघर करने की तैयारी थी जो फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप से टल गई है।
भाकियू नेता टिकैत ने कहा कि काशीपुर क्षेत्र के एस्कार्ट फार्म के किसानों को सरकार ने वर्ष 2005 में उजाड़ा था। तत्कालीन सरकार ने किसानों को जो जमीन दी उस पर अब तक मालिकाना हक नहीं मिला है। टिकैत ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि राष्ट्रीय एकता और भाईचारे के लिए यह अच्छा कदम हैै।
इस दौरान स्वागत करने वालों में भारतीय किसान यूनियन (युवा) के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह जीतू, राजू छीना, सुखविंदर सिंह, अवनीश बेदी, उदित शर्मा, गुरुसेवक सिंह, रमन दीप सिंह आदि मौजूद रहे।
बाजपुर में भाकियू मंडल अध्यक्ष विक्की रंधावा के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार किसान आंदोलन के दौरान किए गए वादों पर खरी नहीं उतर रही है। संयुक्त किसान मोर्चा एमएसपी सहित अन्य बिंदुओं को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाने में जुटा है। इससे पहले राकेश टिकैत ने पुनिया परिवार में हुए एक सदस्य के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त जताई। टिकैत ने गांव गजरौला स्थित गुरुद्वारा नानकसर ठाठ में आयोजित समागम में पहुंचकर मत्था टेका। वहां भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष करम सिंह पड्डा, जगतार सिंह बाजवा, बलविंदर सिंह, जितेंद्र, दिलेर रंधावा, राजकिशोर आदि थे। संवाद
युवा किसान नेता के घर पहुंच कर दी श्रद्धांजलि
जसपुर। राकेश टिकैत ने यूनियन की युवा शाखा के तहसील मीडिया प्रभारी गुरशरण सिंह (22) की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर उनके घर पहुंच कर शोक जताया। इस दौरान बलजिंदर सिंह मान, जगतार सिंह बाजवा, जितेंद्र सिंह जीतू, प्रेम सहोता, अमनप्रीत सिंह, सुखदीप सिंह, जगजीत सिंह, जितेंद्र सिंह, सुखबीर सिंह आदि शामिल रहे।
यूपी के प्रयागराज में 14 से 18 तक होगी महापंचायत
जसपुर। प्रयागराज (यूपी) में 14 जनवरी से 18 जनवरी तक महापंचायत का आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न मुद्दों पर वार्ता की जाएगी। जींद (हरियाणा) में 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली आयोजित की जाएगी। 26 जनवरी को प्रत्येक जिला मुख्यालय, तहसील मुख्यालय में ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा।