रुद्रपुर। एआरटीओ ने कार्यालय के बाहर खड़ीं कारों में छापा मार कर निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय के बाहर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। उन्हें एक कार से बैग मिला। उन्होंने बैग जब्त कर उसकी जांच की। इसके अलावा कार्यालय के बाहर अस्थायी रूप से फोटो कॉपी की दुकान लगाने वाले और ठेलियां खड़ी करने वालों को वहां से हटाने की हिदायत दी।
बुधवार को एआरटीओ प्रशासन पूजा नयाल ने अपनी टीम के साथ कार्यालय के बाहर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के बाहर खड़ी आठ कारों की चेकिंग की। एक कार में उन्हें एक पिट्ठू बैग मिला। बैग जब्त कर उसकी जांच की तो उससे पानी की बोतल और कुछ दस्तावेज मिले। हालांकि उनका कहना है कि बैग में कार्यालय से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं थे। जांच के बाद बैग वापस कर दिया जाएगा। उन्होंने डीएम के आदेश पर अतिक्रमण के तहत निरीक्षण कार्यवाही की। उनका कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्यवाही की जाएगी। कार्यालय के बाहर फालतू घूमने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।