बाजपुर। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि अधिकारी केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनमानस तक पहुंचाने के लिए गंभीर रहें। उन्होंने सीएचसी बाजपुर में उपकरणों के लिए 18.50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
भट्ट ने रविवार को नगरपालिका सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि प्राथमिकता के आधार पर जनसमस्या का समाधान होना चाहिए। यदि उन्हें किसी अधिकारी की कोई शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रक्षा राज्य मंत्री ने बाद में बन्नाखेड़ा, केलावनवारी और मंडी समिति का जायजा लिया। उन्होंने केलावनवारी पेयजल योजना का निरीक्षण किया। सांसद ने बन्नाखेड़ा में आयोजित भागवत में भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति सदस्यों ने उन्हें शॉल भेंट किया। भट्ट ने बेरिया रोड स्थित गोशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गोसेवा सदन ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सांसद भट्ट का स्वागत कर परिसर से हाइटेंशन हटाने और मिट्टी भरान कराने की मांग की।
एनडीए में 600 से अधिक बेटियों का चयन
बाजपुर। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सामने विकास का नया विजन पेश किया है। एनडीए में पहली बार 600 से अधिक बेटियों का चयन हुआ है। कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है।
राज्य मंत्री भट्ट ने रविवार को कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कहा कि दुनियाभर में प्रतिस्पर्धा की दौड़ में हमारी बेटियां सेना, आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, पीसीएस, विज्ञान के क्षेत्र में भारत का परचम लहरा रहीं हैं। दो बेटियों को अंतरिक्ष में कार्य करने का मौका मिला है।
भाजपा नेता हेम चंद्र कांडपाल और नामित सभासद विमल शर्मा ने भारत-पाक युद्ध में विजय दिलाने वाले हंटर विमान को बाजपुर में स्थापित कराने और आर्मी कैंटीन को आम लोगों के लिए खोलने के लिए मांगपत्र सौंपा। बाद में उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरके अग्रवाल के घर पहुंचकर उसकी कुशलक्षेम पूछी और हरिपुरा हरसान में योगेश मुनगली के घर पहुंचकर उनकी मां के निधन पर शोक जताया।
भर्ती घोटाले के आरोपियों के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
बाजपुर। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वीडीओ, वीपीडीओ भर्ती परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों ने ज्ञापन देकर नकल कराने के आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अपने दम पर चयनित लोगों को नियुक्ति देने की मांग की। वहां भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार, मंडल अध्यक्ष विकास गुप्ता, सुरेंद्र नामधारी, रविंद्र बजाज, परमजीत सिंह, गोपाल कोछड़, गुंजन सुखीजा, रविंद्र बजाज, उमा जोशी, हेम कांडपाल आदि थे।