खटीमा। नशा मुक्ति केन्द्र में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने केंद्र संचालक समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बीती 18 जुलाई को लोहियाहेड रोड स्थित नींव नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती यूपी के फर्रुखाबाद निवासी भाष्कर यादव की तबियत बिगड़ गई थी। केंद्र संचालक व अन्य कर्मी उसे लेकर अस्पताल आए थे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसको लेकर 20 जुलाई को एसडीएम रविन्द्र सिंह बिष्ट ने उप जिला चिकित्सालय के डा. वीपी सिंह, तहसीलदार शुभांगिनी व थानाध्यक्ष झनकइया दिनेश फर्त्याल के साथ संयुक्त रूप से नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान अनाधिकृत रूप से बिना रजिस्ट्रेशन व बिना किसी सक्षम डॉक्टर के केंद्र संचालित होते पाया गया था। वही केंद्र में गंदगी, वायु संचरण का अभाव जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गई थीं। उप जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने झनकइया थानाध्यक्ष को केंद्र संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे। इस पर झनकइया थाना पुलिस ने नींव नशा मुक्ति केंद्र के संचालक अनिल थापा, सचिव आकाश देउपा व कोषाध्यक्ष राम सिंह राणा के खिलाफ धारा 304ए, 323, 336 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद