रुद्रपुर। रम्पुरा में कार में गिट्टी गिरने पर दबंगों ने फायरिंग कर दी। इससे घर में मौजूद डेढ़ वर्षीय बच्चा बाल बाल बचा। दबंगों ने ईंट, पत्थर चला कर घर के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने दबंगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू दी है।
रम्पुरा वार्ड नंबर 23 निवासी दीना ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका डेढ़ साल का भतीजा मंगलवार शाम छत पर खेल रहा था जिससे छोटी सी गिट्टी रास्ते से निकल रहे रम्पुरा निवासी एक युवक की कार पर गिर गई। इससे नाराज युवक, उसका भाई और कई साथी कार से उतरे। आरोप है कि कार से आए युवक ने तमंचे से उनके घर फायर कर दिया। हालांकि इससे कोई क्षति नहीं हुई। इसके बाद सभी युवकों ने उनके घर में ईंट, पत्थर बरसा कर अभद्रता की। इससे पड़ोसी के घर के बाहर लगा शीशा टूट गया। दबंगों ने रॉड मारकर उनके गेट का गेट भी क्षतिग्रस्त कर गया।
आरोपियों ने उनकी मां को धक्का मारकर गिरा दिया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपियाें को हिरासत में लिया और मौके से कारतूस का खोखा भी बरामद किया। सूचना मिलने पर सीओ सिटी अनुषा बडोला भी रम्पुरा पुलिस चौकी पहुंचीं और मामले की जानकारी ली। आरोपी के खिलाफ पहले भी फायरिंग और मारपीट के कई मामले कोतवाली में दर्ज हैं। सीओ सिटी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।