रुद्रपुर। शहर के न्यू शक्ति विहार काॅलोनी में मां-बेटे को लोहे की रॉड से लहूलुहान करने वाले चार लोगों के खिलाफ पंतनगर थाने में केस दर्ज हो गया है। सिडकुल पुलिस पर केस दर्ज करने में टालमटोली करने के बाद पीड़ित ने एसएसपी से गुहार लगाई थी। अब केस दर्ज होने के बाद आरोपियों पर केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप है।
पंतनगर थाने में दर्ज केस में न्यू शक्तिविहार कालोनी निवासी जागेंद्र सिंह ने कहा है कि उसके पड़ोस में किराए पर रहने वाला ऋषि सिंह रंजिश रखता है। 12 जून की दोपहर ऋषि सिंह और करन छाबड़ा ने परिवार पर कार चढ़ाने की कोशिश की। उसकी पत्नी और माता के चिल्लाने पर आरोपियों ने अभद्र व्यवहार कर देख लेने की धमकी दी। ऋषि की मां संगीता कौर और पत्नी प्रियंका भी इस मारपीट में शामिल थे। सिडकुल पुलिस ने उसे और उसकी मां को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इधर, जागेंद्र का आरोप है कि ऋषि और करन उस पर केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं।
महिला से मारपीट में तीन भाइयों पर केस
जसपुर। मोहल्ला नई बस्ती निवासी मुन्नी ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि 20 मई को वह मोहल्ले के ही डॉक्टर की दुकान से दवाई लेने जा रही थी। इसी दौरान मोहल्ले के निवासी कक्कू ने उसको देखकर अपशब्द कहे। रंजिशन लोहे की सरिया उसके हाथ पर मार दी जिससे उसके हाथ की हड्डी में फ्रेक्चर हो गया। जब वह अपने बचाव के लिए दौड़ने लगी तो कक्कू के बड़े भाई राजबब्बर और छोटे भाई बबलू ने उसके साथ मारपीट कर अपशब्द कहे। उसके शोर मचाने पर अन्य मोहल्लेवासी आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। मोहल्ले वालों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।