काशीपुर। पांच वर्षीय मासूम की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नगर निगम परिसर में बने एक क्वार्टर में मोहम्मद सलीम अपने 5 वर्षीय बेटे आदिल के साथ रहता था। 15 मई की सुबह आदिल निगम के आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शव का सैंपल लिया। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में आदिल की मौत दिमाग में खून जमा होने के कारण होना बताई गई। उसके एक कान की हड्डी भी टूटी पाई गई। पुलिस ने बच्चे के पिता को खोजने का प्रयास किया लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी वह नहीं मिल सका।
मृतक की दादी जायदा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसका बेटा मोहम्मद सलीम नशा करने और जुआ खेलने का आदी है। वह आए दिन आदिल की पिटाई करता रहता था। जायदा ने कहा कि सलीम उसे भी कई बार जान से मारने की कोशिश कर चुका है। इसलिए वह दूसरे बेटे के साथ रहती है। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद सलीम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। सलीम की मां नगर निगम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है उसी को निगम की ओर से यह आवास आवंटित हुआ है।