जसपुर। श्रीशानदार इंडस्ट्री में गैस रिसाव के चलते आग लगने से फैक्टरी के सुपरवाइजर की मौत होने और दो कर्मियों के गंभीर रूप से झुलसने के मामले में कोतवाल ने फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने तहरीर में कहा 23 नवंबर को नादेही रोड स्थित श्री शानदार फैक्टरी में आग लगने की सूचना पर वह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। वहां श्रीशानदार इंडस्ट्री में भयानक आग लगी थी। पुलिस बल ने फायर सर्विस और वहां मौजूद लोगों की मदद से फैक्टरी में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया। अग्निकांड में कंपनी के गैस प्लांट के सुपरवाइजर/आपरेटर वेद प्रकाश उर्फ अर्जुन त्यागी (35) पुत्र हर्षरूप निवासी गांव अभयराजपुर (बिजनौर) की जलकर मौत हो गई। हादसे में दो कर्मी राहुल व संजय गंभीर रूप से झुलस गए।
श्रीशानदार इंडस्ट्री में जांच करने पर कंपनी के प्रबंधन ने वहां गैस प्लांट चलाए जाने संबंधी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए और ना ही कोई सुरक्षा उपरांत उपकरण कंपनी के पास पाए गए जबकि कंपनी प्रबंधन की ओर से फैक्ट्री को सुचारु रूप से संचालित किए जाने के लिए अग्नि एवं ज्वलनशील पदार्थों के लिए पुख्ता व्यवस्था की जानी चाहिए थी। कंपनी प्रबंधन के उपेक्षापूर्ण आचरण से कंपनी में काम कर रहे गैस प्लांट ऑपरेटर वेदप्रकाश की मृत्यु हो गई। तहरीर पर पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ धारा 304 ए, 285 के तहत केस दर्ज किया है। संवाद