काशीपुर। हरियावाला चौक के पास बीते दिनों ड्यूटी पर जा रहे फैक्टरी कर्मी की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की है। जसपुर खुर्द निझड़ा निवासी वेदप्रकाश दिवाकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई नरेंद्र दिवाकर ठाकुरद्वारा स्थित फैक्टरी में काम करता है। आठ जनवरी को उसका भाई स्कूटी से ड्यूटी जा रहा था। हरियावाला चौक के पास एक ट्रक चालक ने तेजी व लापरवाही से उसके भाई की स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में भाई की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।