जसपुर। बढि़योवाला में एक कारपेंटर का शव नग्नावस्था में गेहूं के खेत से बरामद हुआ। धारदार हथियार गोदकर उसकी हत्या की गई है। मृतक की छाती और हथेली पर धारदार हथियार से वार करने के निशान हैं। रस्सी या किसी अन्य वस्तु से गला घोंटने के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मामले में अभी तहरीर नहीं दी गई है।
बढि़योवाला निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद शाकिब रविवार शाम से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच किसी ने उन्हें बताया कि शाकिब का शव नग्न अवस्था में पास ही के गेहूं के खेत में पड़ा है। उसके सीने और हथेली पर धारदार हथियार के निशान थे। पिता और अन्य परिजन शव को उठाकर घर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मृतक के कपड़े कब्जे में लिए। शरीर पर मिले घाव देखकर हत्या से पहले शाकिब को बुरी तरह प्रताड़ित करने की आशंका है।
मृतक के पिता अनीस अहमद ने बताया कि उनके दो पुत्र मोहम्मद शाकिब और मोहम्मद आकिब है। बड़ा बेटा शाकिब कारपेंटर का काम करता था। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, ऐसे में वह नहीं कह सकते कि बेटे की किसने नृशंस हत्या की है। कोतवाल पीसी दानू ने बताया कि अभी घटना की तहरीर नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।