काशीपुर। चैती के मेले में आए लाखों श्रद्धालु पुण्य कमाकर और अपने परिवार की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना करके गए। जाते-जाते ये लोग मेला क्षेत्र में कूड़ा फैलाकर गए हैं। मेला मैदान पर कूड़े कचरे और पॉलीथिन के ढेर लगे हुए हैं। दुर्गंध के कारण इस क्षेत्र से सटे रास्तों से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। बाल सुंदरी देवी मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों ने प्रशासन से यहां बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान चलाने की मांग की है।
काशीपुर के माता बाल सुंदरी देवी मंदिर परिसर और मैदान में नौ अप्रैल से पांच मई तक ऐतिहासिक चैती मेले का आयोजन हुआ था। मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया। हजारों लोगों ने यहां हर वर्ष की तरह दुकान लगाकर कारोबार भी किया। मेला तो संपन्न हो गया और अधिकतर दुकानदार अपनी दुकान समेट कर जा चुके हैं लेकिन मेले में आए श्रद्धालु और दुकानदार यहां गंदगी का अंबार छोड़कर गए हैं। खुले में ही शौच किए जाने के कारण यहां दुर्गंध फैली है। स्थानीय दुकानदारों, मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास की काॅलोनियों में रहने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम की ओर से यहां अतिरिक्त सफाई कर्मी लगाकर सफाई अभियान तेज किया गया लेकिन यह नाकाफी साबित हो रहा है। माता बाल सुंदरी देवी मंदिर के मुख्य पुजारी विकास पंडा ने मेला अधिकारी और एसडीएम अभय प्रताप सिंह और नगर आयुक्त विवेक राय से बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान चलाने की मांग की है। नगर आयुक्त विवेक राय ने बताया कि अतिरिक्त सफाई कर्मी लगाकर पूरी तरह मेला परिसर को स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए गए हैं। यहां गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।