रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन में बस में सवारियां भरवाता कर्मचारी।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। कोरोना के चलते उत्पन्न परिस्थितियों में दिवाली रोडवेज के लिए संजीवनी साबित हुआ है। दिवाली पर्व से दो दिन पहले से रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले नौ दिनों में रुद्रपुर रोडवेज डिपो की आय एक करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। रविवार को भी बसों में यात्रियों की संख्या काफी रही। अवकाश के चलते रुद्रपुर से पर्यटन स्थल नैनीताल और टनकपुर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रही। देहरादून के लिए काफी लोगों ने सफर किया। यात्रियों की भीड़भाड़ अधिक होने के कारण अधिकांश रोडवेज बसों की सीटें फुल रहीं। साथ ही स्थानीय रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए। एआरएम राकेश कुमार ने कहा कि रविवार को यात्रियों की संख्या अधिक थी। यात्रियों को बसों में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए स्टेशन परिसर में बसों के पास परिचालकों के साथ ही अधिकारी और अन्य कर्मचारी भी खड़े रहे।