रुद्रपुर। कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा देने के बाद घर जाने के लिए अभ्यर्थियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। बस अड्डे में सैकड़ों की तादाद में पहुंचे अभ्यर्थियों के लिए बसें कम पड़ गई। सबसे ज्यादा दिक्कतें काशीपुर रूट पर सामने आई। आलम यह रहा कि बस में सीट के लिए अभ्यर्थियों में मारामारी रही। अभ्यर्थी घंटों बसों के इंतजार में भटकते रहे।
रविवार को जिले के अन्य जगहों के साथ ही रुद्रपुर में भी कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा हुई थी। दोपहर एक बजे परीक्षा खत्म होने के बाद अभ्यर्थी घर जाने के लिए रोडवेज बस अड्डे पहुंचे तो बसों का टोटा हो गया। इस दौरान टनकपुर और बरेली रूट की बसें खचाखच भरकर रवाना हुईं। काशीपुर रूट की एक भी बस स्टेशन पर नहीं थी। अभ्यर्थियों को धूप में खड़ा होकर बसों का इंतजार करना पड़ा। करीब एक घंटे बाद काशीपुर रूट की बसों के आने के बाद सीट पाने के लिए अभ्यर्थियों को जद्दोजहद का सामना करना पड़ा। इसके बाद भी कई अभ्यर्थी बस अड्डे पर खड़े रहे। हालांकि बाद में बसे आती गईं और परीक्षार्थी धीरे-धीरे गंतव्य को रवाना हुए। एआरएम महेंद्र कुमार ने बताया कि बसों के आने के बाद सभी परीक्षार्थियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
कोट
बसों में बहुत भीड़ रही। एक घंटे से अधिक इंतजार के बाद भी बस नहीं मिली। परीक्षार्थियों की अधिक संख्या होने की वजह से बसें फुल आईं। बसों की व्यवस्था की जानी चाहिए थी।
- आकाश, काशीपुर।
-
बसों के लगातार आने के बावजूद किसी भी बस में जगह नहीं मिली। इंतजार करते-करते थक गए। बस में सभी सीटें पहले से भर कर आ रहीं थीं। धूप सेलोग बेहाल हो गए।
- अलीम, काशीपुर।
-
बस अड्डे पर इंतजार करते हुए एक घंटे से अधिक समय बीत गया। सुबह से भूख की वजह से हाल बेहाल रहे। बसों की कमी होने से काशीपुर जाने वाली कोई भी बस में सीट नहीं मिली।
- निशांत सिंह, काशीपुर।
-
बसों में सीट नहीं मिलने से धूप में खड़े होकर हालत खराब हो गई। प्यास और भूख भी लगी। बस मिलते ही घर की ओर निकलने का इंतजार किया। बसों के इंतजाम होने चाहिए थे।
- रजत सिंह, काशीपुर।
इंसेट:
कैंटर में लदकर रुद्रपुर पहुंचे अभ्यर्थी
रुद्रपुर। भर्ती परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थी बसें नहीं मिलने से खासे परेशान रहे। रविवार की सुबह हल्द्वानी से बसें नहीं मिलने पर अभ्यर्थी एक कैंटर में लदकर रुद्रपुर परीक्षा देने पहुंचे। सिडकुल चौक पर सीपीयू को देख चालक ने कैंटर रोक दिया। जब सीपीयू ने चालक से बड़ी संख्या में युवकों के वाहन में होने की जानकारी ली तो उसने पेपर देने वाले अभ्यर्थी बताया। इसके बाद सीपीयू ने वाहन को जाने दिया। संवाद