सितारगंज के शक्तिफार्म में बीएसएफ जवान की पत्नी से आठ लाख की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़िता ने पुलिस को साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ठगी के रुपये वापस कराने की मांग की है।
शक्तिफार्म के गांव पिपलिया निवासी हरविंदर कौर ने बताया कि उसके पति गुरदेव सिंह बीएसएफ में तैनात है। बताया कि 18 दिसंबर 2025 को उसे एक अनजान नंबर से फोन आया। व्यक्ति ने उन्हें 95 हजार रुपये टैक्स भुगतान करने को कहा। घबराकर हड़बड़ी में उन्होंने 95 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। इसके बाद साइबर ठग गिरोह ने उसे लगातार अलग-अलग नंबरों से कई बार फोन किया। साथ ही, उनके पति को बीएसएफ से बर्खास्त कराने और सीबीआई जांच कराने की धमकी दी।
आरोप लगाया कि इससे घबराकर उसने 24 दिसंबर 2025 तक उसके दिए अलग-अलग खातों में आठ लाख का भुगतान कर दिया। बाद में साइबर ठगी का एहसास होने के बाद पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में तहरीर दी। सीओ बीएस धौनी ने बताया कि आरोपी साइबर ठग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।