सितारगंज में मंगेतर को युवती की आपत्तिजनक फोटो भेजकर युवक ने साथी के साथ मिलकर उसकी सगाई तुड़वा दी। बताया गया कि जब किशोरी नाबालिग थी तो नशीला पदार्थ पिलाकर उसके आपत्तिजनक फोटो खींचे गए थे। पुलिस ने दो आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।
शक्तिफार्म के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि डेढ़ साल पहले गांव बिंदुखेड़ा (रुद्रपुर) निवासी बबलू और राजू से उनकी नाबालिग बेटी की जान पहचान हुई थी। बबलू ने बेटी को नशीला पदार्थ पिलाकर उसकी आपत्तिजनक फोटो खींच लीं। परिजनों को पता चलने पर बबलू ने माफी मांग कर मामले को रफादफा कर दिया।
बताया कि बालिग होने पर उन्होंने बेटी की सगाई कर विवाह तय कर दिया। इसका पता चलने पर बबलू ने राजू के साथ मिलकर बेटी, उसके मंगेतर और उनके साले को परेशान करना शुरू कर दिया। उसने जान से मारने की धमकी और फोटो को वायरल करने की धमकी दी। बबलू ने बेटी के मंगेतर को आपत्तिजनक फोटो भेज दी। इस कारण उसकी पुत्री का विवाह टूट गया। बबलू ने बेटी के अपहरण की भी धमकी दी है।
पुलिस मामले की जांच कर रहीं है। आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। -बीएस धोनी, सीओ सितारगंज