BJP नेता ने हेड कांस्टेबल को जड़े तमाचे
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के अटरिया रोड पर भाजपा मंडल महामंत्री ने हेड कांस्टेबल पर नशे में एक व्यक्ति का मोबाइल छीनने का आरोप लगाते हुए तमाचे जड़ दिए। सड़क पर ही हेड कांस्टेबल ने भी नेताजी पर हाथ चला दिए। वहां मौजूद लोगों ने भी हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट कर वर्दी खींचने की कोशिश की। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने हेड कांस्टेबल को निलंबित करने के साथ आरोपियों पर केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार हेड कांस्टेबल हरवीर सिंह पुलिस लाइन में तैनात है और फौजी मटकोटा में रहते हैं। वे 12 फरवरी से पुलिस लाइन से अनुपस्थित हैं। शुक्रवार की दोपहर वह अटरिया रोड पर वर्दी में पहुंचे थे। वहां पर बहस के बाद एक व्यक्ति का मोबाइल छीन लिया था। इसके बाद वहां पहुंचे भाजपा उत्तरी मंडल महामंत्री राधेश शर्मा ने हरवीर पर नशे में होने का आरोप लगाया और गालीगलौज करते हुए उनको कई थप्पड़ मार दिए।
हरवीर ने भी राधेश पर हाथ चलाए और दोनों के बीच मारपीट हो गई। इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने भी हरवीर के साथ हाथापाई की। इससे वहां हंगामा खड़ा हो गया और वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना की वीडियो बनाकर वायरल कर दी।
हेड कांस्टेबल काे निलंबित कर दिया गया है। वह ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहा है। जो भी लोग हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट कर रहे हैं, उनके खिलाफ ट्रांजिट कैंप थाने को केस दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। इस तरह की अराजकता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी। - मणिकांत मिश्रा, एसएसपी