पंतनगर में राजनीतिक टिप्पणी पर रविवार देर रात भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट के बाद थाने में विवाद चलता रहा। भाजपा सभासद की तहरीर पर पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता अजय सिंह अज्जू, हरिओम, दिनेश सिंह, राहुल व 10-12 अन्य लोगों पर मारपीट सहित धमकी देने का केस दर्ज किया है।
वार्ड नंबर-सात निवासी भाजपा सभासद धनोज यादव ने पुलिस को तहरीर में बताया कि बीते शनिवार को नगला बचाओ अभियान व्हाट्सएप ग्रुप में कुछ लोगों ने गलत राजनीतिक टिप्पणी कर दी, जिन्हें समझा दिया गया था। रविवार शाम लगभग छह बजे उनके पास अजय कुमार उर्फ अज्जू का फोन आया, इसमें उसने गोलगेट पर आने को कहा। उसके गोलगेट पहुंचने पर अज्जू, हरिओम व दिनेश सिंह ने उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इसी बीच उनका भाई उसे ढूंढने गोलगेट पहुंचा तो उनके साथ भी आरोपियों व 10-12 लोगों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पिटाई से घायल उसके भाई का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इन लोगों ने उसके भाई के वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।