काशीपुर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार समाचार पत्र अभिकर्ता को रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इससे मृतक के परिवार में मातम छा गया।
यूपी के जनपद रामपुर के स्वार खास निवासी नाहिद हुसैन समाचार पत्र अभिकर्ता थे। मंगलवार सुबह वह अपने एक रिश्तेदार के जनाजे में शिरकत करने जसपुर जा रहे थे। बताते हैं कि पानीपत-खटीमा हाइवे पर जसपुर से चार किलो मीटर पहले पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को रौंद दिया। पिकअप वाहन के पहिये की चपेट में आने से वह बुरी तरह घायल हो गए। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। समाचारपत्र अभिकर्ता को गंभीरावस्था में काशीपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने उनकी हालत को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें हल्द्वानी के सुशीला मेडिकल कॉलेज ले गए जहां नाहिद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।