रुद्रपुर। टांडा जंगल के नजदीक महिला पुलिस कर्मी की कार की चपेट में आने से रामपुर निवासी बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव नौगवां थाना शहजादपुर जिला रामपुर निवासी सगे भाई साजिद अली (19) और वाजिद अली (22) बुधवार सुबह बाइक से पहाड़ में कबाड़ की फेरी लगाने के लिए अल्मोड़ा जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे टांडा जंगल के नजदीक सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों युवक बाइक समेत दूूर जा गिरे। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार सवार महिला कांस्टेबल पुलिस के साथ दोनों युवकों को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गई।
पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में डॉक्टरों ने साजिद को मृत घोषित कर दिया। घायल वाजिद को चिकित्सकों ने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि वाजिद की एक टांग टूट गई हैै और उसका इलाज चल रहा है। इधर पुलिस ने युवकों के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद रुद्रपुर में रह रहे उनके रिश्तेदार और कुछ समय बाद परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक वाजिद चला रहा था।
बताया जा रहा है कि मृतक के घर में माता-पिता, चार भाई व दो बहने हैं। रिश्तेदारों ने बताया कि युवक बहुत निर्धन परिवार से थे और घर मेें कमाने वाले सिर्फ साजिद व वाजिद ही थे। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं घायल वाजिद का हल्द्वानी के अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसपी सिटी का कहना है कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
हल्द्वानी से आना-जाना करती है महिला कांस्टेबल
रुद्रपुर। बताया जा रहा है कि जिस महिला की कार से हादसा हुआ वह रुद्रपुर में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। महिला कांस्टेबल रोजाना कार से हल्द्वानी से रुद्रपुर आना-जाना करती है। बुधवार सुबह भी वह कार से ड्यूटी के लिए रुद्रपुर जा रही थी। टांडा जंगल के पास पहुंचने पर उनकी कार की टक्कर बाइक से हो गई जिसमें एक युवक की मौत हो गई। संवाद