काशीपुर। तेज रफ्तार कार चालक ने ड्यूटी से घर लौट रहे बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम पैगा पश्चिमी निवासी धर्मपाल (43) पुत्र चेतराम महुआखेड़ा गंज स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। मंगलवार शाम लगभग साढ़े सात बजे वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। अलीगंज रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार चालक ने धर्मपाल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
काशीपुर। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सत्यपाल ने बुधवार को बताया कि छोटे भाई धर्मपाल की मौत से परिवार पर गमों का पहाड़ टूट गया। उन्होंने बताया कि मृतक की तीन बेटियां और दो बेटे हैं। हैं। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उस पर ही थी। सिर से पिता का साया उठने से बच्चों के सामने संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। आईटीआई थाना प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया अभी परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।