रुद्रपुर रोड पर सड़क हादसे में रामेश्वरपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर बाइक को टक्कर मारने वाली बस का चालक बस छोड़ कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। बाइक सवार घर से अपना एक्सरे करवाने किच्छा आया हुआ था।
भारतीयम स्कूल के निकट रहने वाला संजय बैरागी (32) पुत्र सुशील बैरागी लालपुर क्षेत्र में ई-रिक्शा चला कर परिवार को पालता था। बृहस्पतिवार को दिन में वह बाइक से किच्छा अपना एक्सरे करवाने आया हुआ था। देर शाम जब वह घर लौट रहा था तो एक निजी बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद संजय घायल हो गया। सूचना पर हाईवे की एंबुलेंस ने उसे सीएचसी पहुंचाया जहां डाॅक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया।
इधर, दुर्घटना के बाद चालक बस को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। सूचना पर परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। संजय के परिवार में पत्नी सीमा के अलावा तीन बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार, बस रुद्रपुर-टनकपुर रूट पर चलती है। दुर्घटना के समय बस में कुछ सवारियां थीं। बस मालिक सितारगंज का बताया जा रहा है।