रुद्रपुर में बुधवार देर शाम काशीपुर हाईवे पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में युवक और युवती की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार पुराना खेड़ा बस्ती निवासी अजय पाल (25) बुधवार सुबह महिला मित्र शांति कॉलोनी भदईपुरा निवासी रोली (20) के साथ किसी काम से बाइक पर गदरपुर गए थे। शाम को अजय और रोली बाइक से वापस लौट रहे थे कि बागवाला गांव के समीप बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे पर बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए। युवक और युवती छिटककर हाईवे पर जा गिरे।
दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली और सिडकुल चौकी से पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। पंचनामे के बाद शवों को मोर्चरी भिजवाया। बताया जा रहा है कि मृतक युवक सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।