रुद्रपुर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। संवाद
रुद्रपुर। चार दिन पहले भदईपुरा में नेकपाल की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। नेकपाल का मजदूरी मांगने को लेकर ठेकेदार से झगड़ा हुआ था और छत पर हुए झगड़े में ठेकेदार की ओर से दिए गए धक्के से जमीन पर गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
वार्ड 14 शनि मंदिर के पास रहने वाली ममता ने कोतवाली में वार्ड 14 भदईपुरा निवासी नागेश उर्फ नागेंद्र उर्फ नागा के खिलाफ केस दर्ज कराया था। उसका कहना था कि भाई नेकपाल उसके साथ रहता था। 18 अक्तूबर की रात नागेश उसके भाई को घर से बुलाकर ले गया। रात एक बजे उसे सूचना मिली थी कि नेकपाल का शव लहूलुहान हालत में नागेश के घर के बाहर पड़ा है। मोहल्लेवालों ने बताया कि नागेश और उसके भाई के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें नागेश ने अपने घर की छत से नेकपाल को धक्का दे दिया था। सिर पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद नागेंद्र फरार हो गया था। शनिवार को पुलिस ने काशीपुर रोड पर फ्लाईओवर के नीचे आरोपी नागेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह पल्लेदारों का ठेकेदार था। उसे नेकपाल के 10 दिन की मजदूरी के रुपये देने थे। घटना वाली रात उसने अपने घर की छत पर नेकपाल के साथ शराब पी। इस दौरान नेकपाल ने मजदूरी के रुपये मांगे, जिसको लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े में धक्कामुक्की हुई थी और धक्का लगने से नेकपाल जमीन पर गिर गया था। इंस्पेक्टर विक्रम राठौर ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।