काशीपुर। बहन के साथ ट्यूशन जा रही छात्रा पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी आकिब को गिरफ्तार किया है। आकिब मुख्य आरोपी फरदीन का भाई बताया जा रहा है। इससे पहले पुलिस ने कोतवाली प्रभारी मनाेज रतूड़ी के नेतृत्व में टीमें बनाकर अन्य आरोपियों के घरों पर दबिश भी दी लेकिन सभी आरोपी घरों पर ताला लगाकर फरार पाए गए।
12 फरवरी को खालसा काॅलोनी की एक छात्रा पर उसी के मोहल्ले के रहने वाले फरदीन नामक युवक ने धारदार हथियार से हमलाकर उसकी हत्या का प्रयास किया था। पुलिस ने फरदीन और उसे स्कूटी पर लेकर आने वाले रउफ को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में कई और लोग भी आरोपी हैं। एसएसआई प्रदीप मिश्रा ने बताया कि एक और आरोपी आकिब को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इधर, शहर के निजी अस्पताल में छात्रा का इलाज जारी है। उसकी तबीयत में सुधार बताया गया है।