सितारगंज। पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी विकास विभाग के सचिव बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सितारगंज का एक दिवसीय दौरा किया। उन्होंने विकासखंड सितारगंज में केंद्र एवं राज्य सरकार की चल रहीं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने मतदान बूथ का भी निरीक्षण किया।
बृहस्पतिवार को सितारगंज पहुंचे सचिव पुरुषोत्तम ने सबसे पहले ग्राम प्रहलाद पलसिया के करीब 40 एकड़ जमीन पर 53. 39 करोड़ की लागत से बन रहे इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि वर्षाकाल में जलभराव होने से कार्य रुक गया था। उन्होंने बताया कि 15 माह के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा। वहीं सचिव पुरुषोत्तम ने सीडीओ मनीष कुमार को एक्वा पार्क की साप्ताहिक कार्य प्रगति समीक्षा व मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने ग्राम कल्याणपुर में आंगनबाड़ी केंद्र, देवभूमि जनसेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया। बाद में पशुपालन सचिव ने बमनपुरी के गांव चौमेला में गोटवैली योजना से संचालित राजवती देवी और रंजीता देवी के घर में बने बकरी बाड़ा का निरीक्षण किया। सचिव ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बमनपुरी में मतदेय स्थल का भी निरीक्षण किया। इसके बाद वह अधिकारियों के साथ शक्तिफार्म के गांव बसघर पहुंचे। चारा उत्पादक सहकारी समिति अध्यक्ष प्रभा रावत ने बताया कि समिति से करीब 546 सदस्य जुड़े है। समिति में मुख्य रूप से मक्के का साइलेज और भूसा का उत्पादन किया जाता है। वहां पर सीडीओ मनीष कुमार, एसडीएम रविंद्र जुवांठा, बीडीओ सीआर आर्या, अपर निदेशक पशुपालन डॉ. उमाशंकर, सीवीओ डॉ. एसबी पाण्डे, एसई सिंचाई शरद श्रीवास्तव, ईई कमल सिंह, एई राजीव सोनी, तहसीलदार पूजा शर्मा आदि मौजूद थे। संवाद