बाजपुर डिग्री कालेज में प्राचार्य डा. कमला चंयाल को ज्ञापन देते छात्र
- फोटो : BAZPUR
बाजपुर। प्रथम वर्ष के छात्रों को प्रोन्नत करने का आदेश नहीं आने से गुस्साए छात्रों ने पीजी कॉलेज में हंगामा कर प्राचार्या को उच्च शिक्षा राज्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने कहा आदेश स्पष्ट आए कि पदोन्नत किया जाएगा या परीक्षा होगी जिससे भ्रम की स्थिति समाप्त हो। छात्र संघ अध्यक्ष मयंक कुमार के नेतृत्व में विद्यार्थी बृहस्पतिवार को कॉलेज गेट पर पहुंचे। उन्होंने प्राचार्या डॉ. कमला चंयाल को ज्ञापन सौंपा। आरोप है कि प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को पदोन्नत करने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री का वीडियो वायरल हो रहा है लेकिन कोई लिखित आदेश कॉलेज में नहीं आया जिससे विद्यार्थियों में भ्रम की स्थिति बनी है। मयंक ने दो दिन के भीतर स्पष्ट आदेश नहीं आने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी। वहां छात्र संघ उपाध्यक्ष अभिषेक यादव, अमित, अमन, रितिक, शिभम रूहेला आदि थे। संवाद