खटीमा। ट्रेन की चपेट की आने से एक बुज़ुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बगुलिया निवासी कलावती देवी (70) पत्नी जवाहर सिंह कुछ दिनों से सबौरा निवासी अपनी बड़ी बेटी कमला देवी के घर में रह रही थीं। बुधवार को वह अपनी छोटी बेटी नदन्ना निवासी लीला देवी के घर गई। दोपहर के समय वह नदन्ना से लौटते समय अमाऊं के पास टनकपुर से कासगंज जा रही मेला स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर ट्रेन को कुछ मिनट तक रोका गया और गार्ड महिला के शव को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचा। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि मृतका की दो पुत्रियां और एक पुत्र है। उनका बेटा राम सिंह सिडकुल में नौकरी करता है।