रुद्रपुर। भगोड़े अमृतपाल की नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां लगातार उससे संबंधित इनपुट जुटा रही हैं। वहीं जिले के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर है। हर आने जाने वाले और सभी संदिग्धों पर पुलिस की नजर है। बॉर्डर पर खासतौर से पुलिस की टीमें लगी हैं। इसके अलावा सीमा से लगे क्षेत्रों से भी मुखबिरों के जरिए पुलिस वहां की स्थिति का जायजा ले रही है।
15 दिनों से कई राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बने वारिस पंजाब दे के प्रमुख कट्टर खालिस्तानी अमृतपाल का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। इस मामले में 18 मार्च को पंजाब पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया था। इसके बाद ऊधम सिंह नगर जिला पुलिस भी सतर्क हो गई थी।
पंजाब और प्रदेश की पुलिस को अमृतपाल के उत्तराखंड आने की संभावना थी लेकिन अब तक उसका सुराग नहीं मिल सका है। वहीं अब पुलिस ने उसके नेपाल भागने की संभावना जताई है। हालांकि पुलिस की टीमें अब भी उसकी तलाश में मुखबिरों के संपर्क में हैं।
उधर नेपाल में भी अमृतपाल को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस और एसटीएफ की टीम लगातार संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का कहना है कि भगोड़े अमृतपाल से संबंधित अब तक कोई इनपुट नहीं मिला है। लेकिन पुलिस और एसटीएफ की टीम लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। सीमाओं पर चेकिंग चल रही है।