काशीपुर। बिना पता दर्शाए कुछ लोगों ने जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर के कई विद्यालयों में मिड-डे-मील समेत कई अनियमितताएं बनी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने शिक्षा विभाग से इन स्कूलों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
अब्दुल कादिर, सुनील, अब्दुल गफ्फार, खेमपाल, रमेश सिंह, रुक्साना ने जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र भेजा। इसमें उन्होंने कहा कि जसपुर के राप्रावि-राउप्रावि बाबरखेड़ा, सरबरखेड़ा, काशीपुर में औझान, अल्ली खां, रेलवे टांडा, ढकिया गुलाबो, अजीतपुर, सुदामालाल, बाजपुर में गणेशपुर, शिवपुरी, बाजपुर प्रथम व द्वितीय, बाजपुर गांव, रमपुरा साकर, गदरपुर में कूल्हा, गूलरभोज में भारी अनियमितताएं हैं।
इस पत्र में खास बात यह है कि शिकायत कर्ताओं ने अपना पता, मोबाइल नंबर तक नहीं दर्शाया है। इसका संज्ञान लेकर डीईओ ने उप शिक्षाधिकारी को स्कूलों का औचक निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी बीईओ धीरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि इस संबंध में अवकाश पर स्कूलों का निरीक्षण किया जाएगा।
ऊधमसिंह नगर के जिला शिक्षाधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्र का कहना है कि जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर के कई विद्यालयों के संबंध में शिकायती पत्र मिला है। उप शिक्षाधिकारी को स्कूलों का औचक निरीक्षण कर बिंदुओं के आधार पर जांच कर आख्या भेजने के निर्देश दिए हैं। वह स्वयं भी इन स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। -