काशीपुर के कुंडा में भाजपा नेता गुरताज सिंह भुल्लर के आवास पर सांत्वना देने पहुंचे यूपी के जल शक्
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। यूपी सरकार में कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कुंडा के गांव भरतपुर पहुंचकर भाजपा नेता गुरताज सिंह भुल्लर की पत्नी गुरजीत कौर की हत्या पर अफसोस जताया। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उनको ढाढ़स बंधाया। औलख ने कहा कि इस प्रकरण में दर्ज मुकदमों में कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ी तो वह इस मामले में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी के डीजीपी से भी बात करेंगे।
12 अक्तूबर को यूपी पुलिस की दबिश के दौरान हुई फायरिंग में भाजपा नेता व ज्येष्ठ उप प्रमुख की पत्नी गुरजीत कौर की मौत हो गई थी। मृतका की अंत्येष्टि के बाद भाजपा नेताओं ने भुल्लर परिवार से अघोषित रूप से दूरी बना ली। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक आदेश चौहान समेत कई कांग्रेसी नेता भुल्लर के साथ खड़े दिखाई पड़ रहे हैं। ऐसे में समुदाय विशेष में भाजपा के प्रति आक्रोश पनप रहा है।
किसान आंदोलन के दौरान इस वर्ग की भाजपा सरकार से नाराजगी अभी तक दूर नहीं हुई है। इस मामले में उत्तराखंड सरकार का रुख उदासीन होने के चलते तीन दिन पहले सिख प्रतिनिधि बोर्ड के पदाधिकारियों ने भरतपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार के लिए न्याय की गुहार लगाई थी। उनका आरोप था कि अल्पसंख्यक होने की वजह से सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। उन्होंने 20 अक्तूबर तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर निर्णायक आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी थी। इसके लिए समूची तराई से लेकर अन्य प्रदेशों के सिख संगठनों का सहयोग लेने की धमकी दी गई है।
समझा जा रहा है कि इसी धमकी के मद्देनजर यूपी सरकार के राज्यमंत्री औलख बाबा प्रताप सिंह के साथ पीड़ित भुल्लर परिवार के घर पहुंचे। बाबा प्रताप का इलाके की संगत में खासा प्रभाव है। उन्होंने भुल्लर परिवार से एकांत में बातचीत की। भाजपा नेता गुरताज सिंह भुल्लर ने कहा कि मंत्री औलख ने उनकी पीड़ा को समझा है। उम्मीद है कि वह यूपी सरकार के स्तर पर उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रयास करेंगे।