काशीपुर। उत्तराखंड कोऑपरेटिव यूनियन (यूसीयू) के अध्यक्ष राम मेहरोत्रा ने कहा कि यूनियन की कार्यकारिणी की बैठक में स्वतंत्रता के 75वें अमृत महोत्सव पर किसानों के हित में कई नई योजनाएं लागू करने का निर्णय लिया गया। इनमें किसानों के मेधावी बच्चों को उच्च शिक्षा, इंजीनियरिंग, मेडिकल आदि प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने के लिए निशुल्क कोचिंग, किसानों का फसल बीमा कराने, धान खरीद, गंगाजल बेचने, सहकारी समितियों, बैंकों की सामग्री तैयार करने के लिए प्रिंटिंग प्रेस लगाने का निर्णय लिया गया।
यूसीयू के चेयरमैन राम मेहरोत्रा ने शनिवार को एसआरएस मॉल स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि देहरादून में शुक्रवार को हुई यूनियन प्रबंध समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में इंस्टीट्यूट ऑफ कोऑपरेटिव एंड मैनेजमेंट रिसर्च एंड ट्रेनिंग कॉलेज खोलने, मासिक पत्रिका छापने, धान खरीदने, बारह ज्योतिर्लिंगों सहित देश-विदेश में निर्वाण गंगा जल कलश पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
मेहरोत्रा ने बताया कि इंस्टीट्यूट ऑफ कोऑपरेटिव मैनेजमेंट रिसर्च एंड ट्रेनिंग कॉलेज की दो शाखाएं कुमाऊं और दो शाखाएं गढ़वाल मंडल में खोली जाएंगी। उन्होंने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादित माल को बेचने में मदद की जाएगी। कहा कि धान खरीद की प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाएगा। बाहरी कंपनियों के माध्यम से फसल बीमा करने से किसान असंतुष्ट हैं। इसलिए अब सहकारिता विभाग ने स्वयं फसल बीमा करने का निर्णय लिया है। उत्तराखंड कोऑपरेटिव यूनियन प्रबंध समिति की बैठक में एमडी मान सिंह सैनी, प्रबंधक दीपक, उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट आदि रहे।